00 अपराध मुक्त समाज भाजपा का लक्ष्य, इसी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मानव तस्करी की आरोपी गंगा पांडेय को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया
00 भाजपा प्रवक्ता श्री शर्मा की चुनौती : कांग्रेस बताए, अपराधों में संलिप्त अपने कितने नेताओं, कार्यकर्ताओं समेत उनके परिजनों या क़रीबियों पर कार्रवाई करने का नैतिक साहस दिखाया?
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने हर अपराध में भाजपा की भूमिका बताए जाने के कांग्रेस के आरोप पर कड़ा प्रतिवाद करते हुए कहा है कि भाजपा पर मिथ्या आरोप लगाकर कांग्रेस के नेता अपने लोगों को अपराधों पर पर्दा डालने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि पहले कांग्रेस के नेता अपने दामन में झाँककर देखें, जो अपराधों के धब्बों से दाग़दार हो चला है और कांग्रेस के राजनीतिक संरक्षण व प्रशासन की शह पर वहाँ नित-नई अपराध-कथा रची जा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा शुरू से ही अपराधों को राजनीतिक संरक्षण देने के ख़िलाफ़ रही है। अपराध और अपराध के भय से मुक्त समाज भाजपा का लक्ष्य रहा है और अपनी इसी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मानव तस्करी के मामले में गिरफ़्तार होते ही एक बड़ी कार्रवाई करके आरोपी गंगा पांडेय को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने चुनौती दी कि बड़ी-बड़ी बातें कर रहे कांग्रेस के लोग यह बताएँ कि नित-नए अपराधों में संलिप्त अपने कितने नेताओं, कार्यकर्ताओं समेत उनके परिजनों या क़रीबियों पर इस तरह की कार्रवाई करने का नैतिक साहस दिखा पाए हैं? श्री शर्मा ने कहा कि अपराधों में भाजपा की भूमिका तलाश रहे कांग्रेस के नेता पहले इस बात का ज़वाब दें कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से अपराधों का ग्राफ़ इतनी तेज़ी से क्यों बढ़ने लगा है? श्री शर्मा ने कहा कि सत्तावादी अहंकार में चूर कांग्रेस नेताओं या उनके परिजन जिस तरह शराब, रेत, ज़मीन माफियाओं के साथ जुड़कर तमाम अवैध कारोबार में संलिप्त हैं, विवाहित आदिवासी महिला को लेकर चले गए हैं, दफ़्तर में घुसकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ बलात्कार का प्रयास और बेदम मारपीट कर रहे हैं, हत्या और हिंसक अपराधों में जिस तरह कांग्रेस के लोगों की संलिप्तता ज़ाहिर हुई है, उस पर पार्टी स्तर पर और क़ानूनी तौर पर कार्रवाई करने के बजाय वे भाजपा के ख़िलाफ़ अनावश्यक प्रलाप करते ज़रा भी शर्म महसूस नहीं कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस का सत्तावादी अहंकार ही सिर चढ़कर बोल रहा है जब एक कांग्रेस नेता का परिजन लोगों के समूह पर वाहन चला देता है, सुरक्षा दस्ते के लोगों के साथ मारपीट करने वालों को थाने से छुड़ाने के लिए पूरी सत्ता झोंक दी जाती है, बिलासपुर के एक कांग्रेस नेता बलात्कार के गिरफ़्तार आरोपी को थानेदार व पूरी पुलिसिया फ़ौज के सामने उठाकर अपने साथ लेकर चला जाता है, और कांग्रेस के ज़िम्मेदार पदों पर बैठे लोग इन सारे वाक़यात से नज़रें चुराए और मुँह में दही जमाए नज़र आते हैं! श्री शर्मा ने कहा कि पहले कांग्रेस अपने दाग़दार राजनीतिक चरित्र की फ़िक्र करे, क्योंकि इसी साल लॉकडाउन से लेकर अब तक के अपराधों की सूची खंगाल ली जाए तो कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर से लेकर मोहल्ला स्तर तक के लोग तस्करी, बलात्कार, हत्या या हत्या के प्रयास जैसे अनेक अपराधों में संलिप्त मिलेंगे और वे कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें सार्वजनिक तौर पर साझा करते नहीं हिचकिचाते।
