कोरिया कलेक्टर ने जारी किया था पटवारी के तबादले का आदेश डिप्टी कलेक्टर ने कर दी लीपापोती, डिप्टी कलेक्टर के आदेश पर उठ रहे कई सवाल।
पटवारी की ग्रामीणों ने की है सैकड़ों शिकायतें, तहसीलदार ने की थी जांच।
कोरिया / जिले के एक पटवारी का तबादला कलेक्टर कोरिया के आदेश पर पटना तहसील से सोनहत तहसील में हुआ था, पर आदेश जारी होने के 1 महीने से ज्यादा बीत जाने पर भी पटवारी बैकुंठपुर तहसील में ही पदस्थ है।
आपको बता दें कि, 11 अक्टूबर 2021 के दिन कोरिया कलेक्टर के द्वारा जिले के 7 पटवारियों का स्थानांतरण जिले के अलग-अलग तहसील में किया गया था। जिसमें आशीष कुमार सिंह को भरतपुर तहसील से तहसील मनेंद्रगढ़ , राकेश कुमार तिवारी को तहसील बैकुंठपुर से तहसील केल्हारी, संतु अगस्तु पैकरा को तहसील केल्हारी से तहसील बैकुंठपुर, अशोक कुमार कश्यप को तहसील बैकुंठपुर से तहसील सोनहत, मनोज सिंह को तहसील सोनहत से तहसील बैकुंठपुर, शत्रुघन राम को तहसील सोनहत से तहसील बैकुंठपुर और अमरेश पांडेय को तहसील पटना से तहसील सोनहत में तत्काल प्रभाव से पदस्थापित करने का आदेश दिया गया था।
आदेश के परिपालन में 6 पटवारियों ने नवीन पदस्थापना तहसील में पदभार ग्रहण कर लिया परंतु इनमें से एक पटवारी अमरेश पांडेय ने कोरिया कलेक्टर के आदेश की अवहेलना कर नवीन तहसील में पदभार ग्रहण नहीं किया। बावजूद कोरिया कलेक्टर के आदेश जारी होने तथा एसडीएम बैकुंठपुर के द्वारा पटवारी को भार मुक्त करने के बाद भी डिप्टी कलेक्टर ने उक्त पटवारी को बैकुंठपुर तहसील में अस्थाई रूप से पद स्थापित करने का आदेश जारी कर दिया।
वहीं जिले में कोरिया कलेक्टर के प्रभावशील आदेश के बावजूद भी डिप्टी कलेक्टर के द्वारा पटवारी को बैकुंठपुर तहसील में अस्थाई रूप से पद स्थापित करने का आदेश जारी करने पर अब कई सवाल उठने लगे हैं।
पटवारी पर लगे हैं कई गंभीर आरोप :- जानकारी के अनुसार, जिस पटवारी ने कोरिया कलेक्टर के आदेश की अवहेलना कर नवीन तहसील में पदभार ग्रहण नहीं किया पटना तहसील में ही उसकी कई शिकायतें ग्रामीणों ने की है। शिकायतों पर तहसीलदार के द्वारा जांच भी की गई थी। पटवारी पर रिश्वत लेने तथा ग्रामीणों के कार्यों में जानबूझकर ज्यादा समय लगाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं साथ ही कुछ समय पूर्व ग्राम सभा में भी पटवारी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की जा चुकी है।
एसडीएम ने पटवारी को कर दिया था भारमुक्त :- पटवारियों को स्थानांतरित करने कोरिया कलेक्टर के जारी आदेश के बाद एसडीएम बैकुंठपुर ने उक्त आदेश के परिपालन में 30 अक्टूबर के दिन पटवारियों को भार मुक्त कर दिया था। उक्त आदेश के बाद भी पटवारी अमरेश पांडेय के द्वारा कोरिया कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करते हुए नवीन कार्यालय में पदभार ग्रहण नहीं किया गया।
कलेक्टर के प्रभावशील आदेश के बाद भी डिप्टी कलेक्टर ने जारी किया आदेश :- कलेक्टर कोरिया के आदेश जारी करने के करीब 23 दिन बाद डिप्टी कलेक्टर ने उक्त पटवारी के बैकुंठपुर तहसील में ही अस्थाई रूप से पदस्थापित रहने का आदेश जारी कर दिया। डिप्टी कलेक्टर के आदेश में उन्होंने पटवारी की पत्नी के गंभीर बीमारी से ग्रसित होने तथा आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में पदस्थ होने के कारण पटवारी को आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से बैकुंठपुर तहसील में पदस्थापित करने की बात कही है।
