रायपुर / सिलतरा इलाके में बुलडोजर में हवा भरते समय टायर फटने से दो लोगों की मौत के मामले में धरसींवा पुलिस ने जांच के बाद सिलतरा फेस टू स्थित घनकुल स्टील प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, बुलडोजर का टायर फटने से मध्यप्रदेश के सतना जिले के खम्हरिया गांव निवासी मजदूर राजपाल सिंह और प्रांजन नामदेव की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों के चीथड़े उड़ गए थे। हादसे की भयावहता प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सिलतरा पुलिस सहायता केंद्र चौकी ने मामले की जांच में कंपनी की लापरवाही उजागर हुई है। खम्हरिया, कोटर (सतना) निवासी ज्ञानी सिंह ने पुलिस को बताया कि धनकुल स्टील कंपनी में कार्यरत रिश्तेदार दिवाकर सिंह के जरिए इस हादसे की जानकारी तीन मई की शाम 4.30 बजे हुई। उसने बताया कि आपके छोटे भाई राजपाल सिंह और साथी मजदूर प्रांजन नामदेव वर्कशाप में जेसीबी के बड़े टायर का पंचर बनाने के लिए हवा भर रहे थे। अचानक टायर फट गया। टायर में लगे डिस्क से राजपाल और प्रांजन नामदेव को गंभीर चोट आई। राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, प्रांजन नामदेव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए काम कराया जाता है।
