Advertisement Carousel

झारखंड विधायकों के रायपुर रिजार्ट में रुकने और खाने पीने पर एक दिन में 35 लाख रुपये खर्च

रायपुर / झारखंड विधायकों के रायपुर मेफेयर रिजार्ट में रुकने और खाने पीने पर एक दिन में करीब 35 लाख रुपये खर्च हो रहा है। रिजार्ट में एक रूम का किराया 25 हजार से लेकर सवा लाख रुपये तक है। झारखंड के विधायकों के लिए रिजार्ट में 50 रूम बुक कराया गया।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह खर्च छत्तीसगढ़ कांग्रेस कर रही है, या कांग्रेस का केंद्रीय संगठन। विधायकों की आवभगत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल और गिरीश देवांगन को लगाया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद भी विधायकों के संपर्क में हैं।

मेफेयर ग्रुप के देशभर में 12 लक्जरी होटल, रिजार्ट और क्लब हाउस हैं। ग्रुप के चेयरमैन दिलीप राय ओडिशा के राउरकेला से भाजपा के विधायक और सांसद रहे हैं। वह केंद्र में मंत्री भी थे। 2019 में उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। ग्रुप के पुरी, दार्जिलिंग, भुवनेश्वर, गंगटोक, गोवा, गोरखपुर, कलिमपोंग, सिलिगुड़ी और रायपुर में रिजार्ट हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में कुछ और होटल भी हैं। मेफेयर रिजार्ट में अंदर और बाहर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा का जिम्मा तीन आइपीएस सहित 100 पुलिसकर्मियों को सौंपा गया है। जवानों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। कोई भी व्यक्ति रिजार्ट में बिना पास के अंदर नहीं जा सकता है। होटल कर्मचारियों को भी पूरी जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। यहां सुरक्षा के लिए सीएसपी, दो थाना प्रभारी और पुलिस के जवान लगातार पहरा दे रहे हैं।

error: Content is protected !!