Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ऐतिहासिक बजट पेश, स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार – मंत्री श्यामबिहारी

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए बड़े प्रावधान: ओपी चौधरी

रायपुर, 03 मार्च 2025 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्ष 2025-26 के लिए ऐतिहासिक बजट पेश किया। इस बजट में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार होगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ₹1,850 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के लिए ₹1,500 करोड़ की राशि आवंटित की गई है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “यह बजट प्रदेश के नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।”

मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों का आधुनिकीकरण

राज्य में उन्नत चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में सुधार किए जाएंगे।

  • डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल, रायपुर में उन्नत कार्डियक संस्थान के विस्तार के लिए ₹10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
  • रायपुर मेडिकल कॉलेज में कैंसर और गंभीर रोगों के उपचार हेतु आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए ₹20 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
  • MRI और CT स्कैन मशीनों की स्थापना के लिए ₹35 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे सरकारी अस्पतालों में उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं मिलेंगी।
  • ए.आर.टी. (IVF) केंद्र की स्थापना के लिए ₹10 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है, जिससे नि:संतान दंपतियों को विशेष उपचार मिलेगा।

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है।

  • मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना के विस्तार के लिए ₹13 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
  • सिकल सेल रोग की रोकथाम के लिए विशेष सिकल सेल संस्थान की स्थापना की जाएगी, जिसके लिए ₹13 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
  • सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों की स्थापना के लिए ₹132 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है।
  • छत्तीसगढ़ आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया सेवा योजना के तहत ₹21 करोड़ की राशि आवंटित की गई है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा, “हमारी सरकार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बजट राज्य के चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद करेगा।”

छत्तीसगढ़ सरकार का यह बजट स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और राज्य का चिकित्सा ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा।

error: Content is protected !!