जशपुर। जशपुर पुलिस ने चिटफंड कंपनी ‘विनायक होम्स रियल एस्टेट’ के निदेशक जितेंद्र बीसे को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 11,396 निवेशकों से 54 करोड़ 38 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। उसके खिलाफ प्रदेश के आठ जिलों के विभिन्न थानों में अपराध दर्ज थे।
जशपुर पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। आरोपी पहचान छिपाकर इंदौर में रह रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और जांच के चलते उसे दबोच लिया गया। इससे पहले, पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। इस ठगी में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
जशपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से ठगी के शिकार हजारों निवेशकों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
