दंतेवाड़ा, संवाददाता।
जिले में चल रहे लोन वर्राटू (घर लौटो) अभियान के तहत नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। ₹4.5 लाख के इनामी सहित कुल 9 माओवादियों ने पुलिस और प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित सभी माओवादी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए नक्सली बंद सप्ताह के दौरान सड़कें खोदने, पेड़ काटने, बैनर-पोस्टर लगाने और पाम्पलेट बांटने जैसी नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पित नक्सलियों में से चार पर इनाम घोषित था, जिसमें एक पर ₹4.5 लाख का इनाम था। यह आत्मसमर्पण लोन वर्राटू अभियान की प्रभावशीलता और माओवादी विचारधारा से मोहभंग का स्पष्ट संकेत है।
अभियान की अब तक की उपलब्धियां:
लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 236 इनामी माओवादी सहित कुल 984 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। यह आंकड़ा अभियान की सफलता और सुरक्षा बलों की रणनीति की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
प्रशासन ने आत्मसमर्पण करने वालों को पुनर्वास नीति का लाभ देने की बात कही है ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सकें।
