Advertisement Carousel

नंदनवन जंगल सफारी में तृतीय समर कैंप का समापन: बच्चों ने सीखा प्रकृति से जुड़ाव


नवा रायपुर, 27 मई 2025 – नंदनवन जंगल सफारी में 19 से 25 मई तक आयोजित तृतीय समर कैंप 2025 का सफल समापन हुआ। समापन समारोह में सहायक संचालक श्री वाय. के. डहरिया और संचालक श्री थेझस शेखर ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस सात दिवसीय कैंप में 25 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। कैंप का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के करीब लाकर उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कैंप के दौरान प्रतिभागियों को वन्यजीवों की विविधता, दुर्लभ वृक्षों और औषधीय पौधों की पहचान, पक्षियों के व्यवहार, रंगबिरंगी तितलियों की दुनिया और पर्यावरण संतुलन जैसी विषयों पर रोचक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। शिक्षण को खेल, भ्रमण और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से इस प्रकार प्रस्तुत किया गया कि बच्चे स्वयं को “प्रकृति के रक्षक” के रूप में अनुभव कर सकें।

समापन अवसर पर श्री थेझस शेखर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “इस प्रकार के आयोजन बच्चों को प्रकृति से जोड़ने और उन्हें भावी ‘हरित भारत’ के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल हैं।”

नंदनवन जंगल सफारी द्वारा आयोजित यह शिविर न केवल बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम भी सिद्ध हुआ।


error: Content is protected !!