जांच में गुणवत्ता में भारी अनियमितताएं और सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि
रायपुर/नारायणपुर, 3 जून।
नारायणपुर ज़िले में बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) की सीएसआर योजना के तहत बन रही 12 स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज़िला प्रशासन ने जैनम कंस्ट्रक्शन, बाजारपारा गीदम (ज़िला दंतेवाड़ा) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए ₹15 लाख की दर से कुल ₹1.80 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए सबसे कम दर प्रस्तुत करने के आधार पर जैनम कंस्ट्रक्शन को अनुबंध दिया गया था। फर्म को अग्रिम रूप से ₹1.39 करोड़ की राशि जारी भी कर दी गई थी।
हालांकि निर्माण कार्य को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने एक जांच समिति गठित की। समिति की रिपोर्ट में यह पाया गया कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया गया है और सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।
कलेक्टर ममगाईं ने स्पष्ट कहा है कि “शासकीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
सूत्रों के अनुसार, दोषी फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसे मामलों में और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
