Advertisement Carousel

तेलंगाना स्टेट कमेटी का टॉप माओवादी नेता भास्कर मुठभेड़ में ढेर


नेशनल पार्क क्षेत्र में एंटी नक्सल ऑपरेशन को मिली बड़ी सफलता

दूसरे दिन लगातार मिली बड़ी कामयाबी, कल केंद्रीय समिति सदस्य सुधाकर भी मारा गया था

बीजापुर, 6 जून | संवाददाता
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सघन एंटी नक्सल अभियान को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को हुए ताजा मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने एक और वरिष्ठ नक्सली कैडर का शव, एक AK-47 राइफल, तथा अन्य हथियार, विस्फोटक और गोला-बारूद बरामद किए हैं।

सुरक्षा बलों द्वारा बरामद शव की प्रारंभिक पहचान कुख्यात नक्सली भास्कर उर्फ मइलारापु अडेल्लू उर्फ मंडुगुला भास्कर राव के रूप में की गई है, जो कि सीपीआई (माओवादी) की तेलंगाना राज्य समिति का विशेष समिति सदस्य था।

भास्कर तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के उरूमादला गांव का निवासी था और संगठन के मंचेरियल-कोमरम भीम (एमकेबी) डिवीजन का सचिव भी रहा है। नक्सली संगठन में उसकी गिनती तेलंगाना राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व में होती थी।

राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में उस पर ₹25 लाख तथा तेलंगाना में ₹20 लाख का इनाम घोषित था, जो मिलाकर कुल ₹45 लाख बनता है।

एक दिन पहले मारा गया था केंद्रीय समिति सदस्य सुधाकर

गौरतलब है कि इसी ऑपरेशन के दौरान 5 जून को केंद्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर को भी मुठभेड़ में ढेर किया गया था। सुधाकर के पास से भी एक AK-47 बरामद की गई थी। लगातार दो दिनों में मिले इन बड़े नक्सली शवों से सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को बहुत बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है।

अभियान जारी, जंगल में सर्च ऑपरेशन तेज

सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, क्योंकि अन्य नक्सली कैडर मुठभेड़ के दौरान जंगल की ओर भाग निकले थे। उनके ठिकानों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है, और अन्य माओवादी हताहतों व बरामदगी की जानकारी अभियान के पूर्ण रूप से समाप्त होने और पुष्टि के बाद ही साझा की जाएगी

नक्सल मोर्चे पर निर्णायक प्रहार

लगातार दो दिनों में तेलंगाना और केंद्रीय समिति के शीर्ष माओवादियों के मारे जाने से बीजापुर-नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सल संगठन को गंभीर रणनीतिक झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन मुठभेड़ों से न केवल वर्तमान अभियान को बल मिलेगा, बल्कि आगामी समय में नक्सली गतिविधियों पर भी बड़ा नियंत्रण संभव होगा।


error: Content is protected !!