रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना का खुलासा किया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना रायपुर के एक नेशनल हाईवे स्थित पेट्रोल पंप की है, जहां दो बदमाशों ने लूट के इरादे से पंप कर्मचारियों पर हमला कर दिया था। आरोपी समीर टंडन और कुनाल तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों रायपुर के डीडी नगर और अभनपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले पंप कर्मचारी अनिल गायकवाड़ पर चाकू से हमला कर उसके हाथ में रखे पैसे लूटे। शोर सुनकर जब सुपरवाइजर योगेश मिरी सामने आया तो लुटेरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। गले में चाकू लगने से योगेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी 15 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पूछताछ जारी है और मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
