मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को जगाने की नई मुहिम
मनेंद्रगढ़/एमसीबी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ (पंजीयन क्रमांक 9933) की अनिश्चितकालीन हड़ताल 18 अगस्त से क्रमबद्ध रूप से जारी है। जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के मनेंद्रगढ़ में हड़तालरत कर्मचारियों ने रविवार को अनूठा प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी 10 सूत्री मांगों को मनवाने के लिए खुद का खून निकालकर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री को पत्र लिखा।
कर्मचारियों का कहना है कि शासन की ओर से उनकी पांच मांगों को पूरा किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश या पत्र संघ को प्राप्त नहीं हुआ है। यही कारण है कि उनकी हड़ताल लगातार जारी है।
एनएचएम कर्मचारियों का कहना है कि जब तक शासन लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा। उनका यह अनूठा विरोध प्रदेश सरकार को चेताने और अपनी मांगों की ओर ध्यान खींचने के उद्देश्य से किया गया है।
