राजनांदगांव/खैरागढ़। खैरागढ़ आरक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक सुरेन्द्र यादव का शराब के नशे में ड्यूटी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इतवारी बाजार में आरक्षक नशे की हालत में लड़खड़ाते कदमों से चलता और राहगीरों से बहस करता दिखा।
वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नशे में धुत आरक्षक का एक दुकानदार से विवाद हुआ और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया तो हंगामा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक को थाने ले जाया गया।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी यही आरक्षक शराब के नशे में चेक पोस्ट पर ड्यूटी करते पकड़ा गया था, तब भी उसे निलंबित किया गया था। लगातार विवादों में रहने वाले सुरेन्द्र यादव पर अब दोबारा कार्रवाई हुई है।
