Advertisement Carousel

‘आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक संकल्प नहीं, बल्कि देशभक्ति की अभिव्यक्ति भी है’ – विधायक गोमती साय


बैकुण्ठपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत बैकुण्ठपुर विश्राम गृह में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।


प्रेसवार्ता में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नागरिकों को राहत, व्यापार में सुगमता और कर सरलीकरण के माध्यम से देश के 150 करोड़ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल जैसी भयंकर आपदा में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का जो मंत्र दिया था, वह आज केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि देशभक्ति की सशक्त अभिव्यक्ति बन चुका है।


विधायक साय ने बताया कि भाजपा का यह अभियान 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा। इस दौरान आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन और संकल्प रथ यात्रा जैसी गतिविधियों के माध्यम से “वोकल फॉर लोकल” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। रक्षा उपकरणों के निर्यात से लेकर अंतरिक्ष, वैक्सीन निर्माण तक भारत की बढ़ती साख आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर भारतीय से आह्वान किया है कि — “मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, मैं स्वदेशी बेचता हूँ।” यही भावना आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र है।


प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, जनपद उपाध्यक्ष प्यारे साहू, जिला मंत्री शारदा गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, पूर्व नपा उपाध्यक्ष भानू पाल, मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े, मैनेजर राजवाड़े, संजय चिकनजूरी, पार्षद अभिनेन्द्र सिंह चंदेल, सुनील सिंह, शाहिद अशरफी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!