राजधानी की सेंट्रल जेल एक बार फिर लापरवाही और ढीली सुरक्षा व्यवस्था के चलते सुर्खियों में है। जेल की बैरक नंबर-15 से वायरल हुए वीडियो और फोटो ने पूरे जेल प्रशासन की पोल खोल दी है।
वायरल वीडियो में एनडीपीएस एक्ट के आरोपी रशीद अली उर्फ राजा बैजड अपने साथियों रोहित यादव और राहुल वाल्मिकी के साथ खुलेआम मोबाइल फोन चलाते नजर आ रहे हैं। न सिर्फ मोबाइल, बल्कि कैदी वीडियो कॉल कर रहे हैं, रिकॉर्डिंग बना रहे हैं और जेल के भीतर से ही बाहर भेज रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 13 से 15 अक्टूबर 2025 के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इतनी बड़ी चूक के बाद भी जेल प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया है।
गौर करने वाली बात यह है कि रायपुर सेंट्रल जेल पहले भी कई बार मोबाइल, नशा और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं मिलने के मामलों में विवादों में रह चुकी है। अब फिर से सामने आए इस वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि जेल के भीतर नियम-कायदे सिर्फ कागज़ों तक सीमित हैं।
