रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में टीवी एंकर शेफाली बग्गा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने 1.2 करोड़ रुपये सरेंडर किए हैं। ED की ओर से जारी प्रेसनोट में इसकी जानकारी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, ED ने पहले की छापेमारी के दौरान शेफाली बग्गा से करीब 30 लाख रुपये जब्त किए थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऐप के प्रमोशन के बदले उन्हें रकम मिली थी।
वहीं, शेफाली बग्गा ने ED के समक्ष कहा कि उन्होंने महादेव ऐप का प्रमोशन अनजाने में किया था और उन्हें इसकी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने अब 50 लाख और 70 लाख रुपये के दो डिमांड ड्राफ्ट, कुल 1.20 करोड़ रुपये, ED को सौंप दिए हैं।
ED ने प्रेसनोट जारी कर इस कार्रवाई और रकम सरेंडर किए जाने की जानकारी सार्वजनिक की है।
