Advertisement Carousel

शक में पिता की हत्या, बेटा गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक बेटे ने चरित्र शंका और पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात मजदूर नगर, सरोरा में हुई।


पुलिस के अनुसार, मृतक देवप्रसाद सेन (45 वर्ष) की हत्या उसके बेटे दिनेश कुमार सेन ने धारदार हथियार से कर दी। बताया गया कि आरोपी ने दूसरी जाति की लड़की से शादी की थी, जिस पर पिता को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात भी बहसबाजी के दौरान गुस्से में आए दिनेश ने अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपने पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध का शक था। इसी मानसिक तनाव और कुंठा में उसने यह कदम उठाया।


सूचना मिलने पर उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!