छत्तीसगढ़ के आईपीएस अशुतोष सिंह की बड़ी पदस्थापना, केंद्र ने किया CBI में एसपी के पद पर नियुक्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा, ऊर्जावान और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अशुतोष सिंह को केंद्र सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर नियुक्त किया है। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि तीन सप्ताह के भीतर उन्हें रिलीव कर केंद्र में पदभार ग्रहण करने भेजा जाए।
2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अशुतोष सिंह वर्तमान में महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ हैं। वे अपने कार्यकाल में सख्त प्रशासनिक रवैये, ईमानदारी और पेशेवर कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पुलिस विभाग में उनकी छवि एक ऐसे अधिकारी के रूप में है जो परिणाम देने और कठिन परिस्थितियों में भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम हैं।
महासमुंद से सीबीआई मुख्यालय तक का सफर
अशुतोष सिंह ने छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। महासमुंद में एसपी के रूप में पदस्थ रहते हुए उन्होंने अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थ तस्करी और साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। उनके नेतृत्व में जिले में कई बड़े अपराधों का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ।
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, अशुतोष सिंह को पांच वर्षों की अवधि के लिए या अगले आदेश तक सीबीआई में पदस्थ किया गया है।
माना जा रहा है कि वे जल्द ही नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाल ही में रहे थे सुर्खियों में
कुछ समय पहले एसपी-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ उनकी एक बहस की खबर सुर्खियों में आई थी। उस घटना के बाद से ही वे राज्य के नौकरशाही हलकों में चर्चा का विषय बने रहे। हालांकि, केंद्र सरकार ने उनके ट्रैक रिकॉर्ड, पेशेवर निष्ठा और ईमानदार छवि को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है।
राज्य पुलिस सेवा के लिए गौरव का क्षण
अशुतोष सिंह की यह पदस्थापना न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा के लिए भी गौरव का क्षण है। राज्य से इस स्तर पर अधिकारियों का चयन यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार राज्य के काबिल अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देने के लिए तत्पर है।
