बिलासपुर। जिले के मस्तूरी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम अंधाधुंध फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार नहर के पास स्थित तिवारी होटल के सामने तीन अज्ञात हमलावर बिना नंबर की गाड़ी से पहुंचे और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने करीब छह राउंड फायर किए, जिससे वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना में दो लोगों को गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही वारदात के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।
