Advertisement Carousel

विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला गहराया, कफन-दफन के 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव


बिलासपुर। बुंदेला गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 23 वर्षीय जया सांडे की 27 नवंबर को हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कफन-दफन के 10 दिन बाद कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई है।


जानकारी के अनुसार, जया की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इस पर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का संदेह जताते हुए चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मायके वालों ने आरोप लगाया कि जया की मौत स्वाभाविक नहीं थी और ससुराल पक्ष पूरे मामले को छिपाने की कोशिश कर रहा है।


शिकायत के बाद पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति पर राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव निकालने की कार्रवाई की। इस दौरान मजिस्ट्रियल निरीक्षण में पंचनामा किया गया।


शव को पोस्टमार्टम के लिए आज सिम्स मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का निर्णय होगा। इस बीच ससुराल पक्ष से पुलिस पूछताछ कर रही है, जबकि मायके पक्ष न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है।


अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना को देखते हुए पुलिस गाँव में निगरानी बनाए हुई है।
▪️ 27 नवंबर — संदिग्ध मौत
▪️ बिना पोस्टमार्टम दफन किया गया
▪️ शिकायत के बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव
▪️ आज सिम्स में पोस्टमार्टम


मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस सतर्क है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!