Advertisement Carousel

खैरागढ़–धमधा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत, शरीर दो हिस्सों में बंटा


पारस कॉल चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर


दुर्ग। खैरागढ़–धमधा मार्ग पर बीती शाम पारस कॉल चौक के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने टीवीएस मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और घटनास्थल देखकर लोगों के रौंगटे खड़े हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक खैरागढ़ से धमधा की ओर आ रहा था। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और चालक उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही धमधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दस्तावेज और आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर पहचान की कोशिश कर रही है।


घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!