रायपुर। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक मार्ग पर आतिशबाजी कर बर्थडे मनाने के मामले में रायपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के महतारी चौक के पास का है, जहाँ 10 दिसंबर की आधी रात कुछ युवकों ने बीच सड़क पर कार रोककर आतिशबाजी करते हुए केक काटा। इससे आवागमन प्रभावित हुआ और आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पाँचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 3(5) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 122/177 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों को आज एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस ने बर्थडे सेलिब्रेशन में उपयोग की गई मारुति कार क्रमांक CG 04 PV 8880 को भी जब्त कर लिया है तथा BNSS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी रायपुर में सार्वजनिक सड़कों पर आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाने की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। उन मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि ऐसी हरकतें न सिर्फ यातायात में बाधा डालती हैं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाती हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम —
राकेश उर्फ मोनू डोगरे, पिता तिरीथ राम डोगरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी अम्बेडकर चौक, थाना गुढ़ियारी
संजय यादव, पिता संतोष यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी मुर्रा भट्ठी, गुढ़ियारी
करण सिंह उर्फ बंटी मेरावी, पिता राजेंद्र सिंह मेरावी, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुर्रा भट्ठी, गुढ़ियारी
प्रमोद टंडन, पिता स्व. हरीश टंडन, उम्र 25 वर्ष, निवासी बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी
सौरभ सिंह उर्फ गोलू, पिता रमेश सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी सीतानगर, गोगांव, गुढ़ियारी
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर आतिशबाजी, केक काटने या किसी भी प्रकार के स्टंट न करें। ऐसा करना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
