चांपा। हनुमान धारा त्रिदेव घाट के पास तीन नाबालिग बच्चों के लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लापता बच्चों की पहचान रूद्र, युवराज और नेलशन के रूप में हुई है, जो क्रमशः 5वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा के छात्र हैं। तीनों बच्चे मनका पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों बच्चे बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान तीनों की साइकिल, कपड़े और चप्पल त्रिदेव घाट के पास पड़े मिले, जिससे आशंका गहराने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस तथा SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। वहीं चांपा एसडीएम पवन कोसमा भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से बंद कराया है, जिससे खोज अभियान में मदद मिल सके।
घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। देर रात तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस और SDRF टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाह न फैलाएं और किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
