Advertisement Carousel

सीएम के वीडियो में छेड़छाड़ का आरोप, भाजपा ने की एफआईआर की मांग, कहा– कांग्रेस कर रही निम्नस्तर की राजनीति


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रायगढ़ दौरे के दौरान दिए बयान के वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल किए जाने के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। वीडियो से छेड़छाड़ के विरोध में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एसपी कार्यालय पहुंचा और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।


भाजपा ने अपनी शिकायत में कहा कि रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की निवासी मनीषा गोंड़ ने अपने फेसबुक अकाउंट से मुख्यमंत्री के भाषण को तोड़-मरोड़कर एडिट किया और गलत तथ्यों को जोड़कर उसे वायरल किया है। इससे मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई और जनता में भ्रम फैलाया गया।


भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 2 दिसंबर को बोईरदादर, रायगढ़ में आयोजित सामाजिक सम्मेलन के दौरान कहा था कि “आदिवासी समाज के बेटा-बेटी यदि उद्योग-धंधा शुरू करना चाहें तो उन्हें एक रुपये प्रति एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।” लेकिन वायरल किए गए वीडियो में इस बयान को तोड़कर अलग रूप में पेश किया गया।


प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि फेसबुक पेज ‘भूपेश है तो भरोसा है’ से भी एडिटेड वीडियो प्रसारित किया गया, जिससे आदिवासी समाज, किसान एवं सामान्य जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है।


भाजपा ने कहा कि वीडियो में की गई ये छेड़छाड़ आईटी एक्ट एवं भारतीय सुरक्षा संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध है। पार्टी ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों तथा साजिश में शामिल अन्य व्यक्तियों पर अपराध पंजीबद्ध कर कठोर कार्रवाई की जाए।


जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि
“कांग्रेस मुद्दों के अभाव में वीडियो एडिट कर भ्रामक प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जो विपक्ष को रास नहीं आ रहा है।”


शिकायत के दौरान प्रतिनिधिमंडल में विधि प्रकोष्ठ संयोजक बृजेश पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, शताब्दी पांडेय, डॉ. किरण बघेल, रिसिराज पिठवा, शिवजलम दुबे, अमित मैशरी, सत्यम दुवा, अकबर अली, नवीन शर्मा, पुष्पेंद्र उपाध्याय, अर्पित सूर्यवंशी, राजकुमार राठी, वंदना राठौर, वासु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!