रायपुर |
रायपुर में गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी आशीष राजावत अदालत में पेशी के दौरान बुधवार को फरार हो गया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी को जेल से नियमित पेशी पर कोर्ट लाया गया था। अदालत परिसर में पेशी प्रक्रिया के दौरान आरोपी को लेकर पहुंचे सिपाहियों ने उसकी हथकड़ी खोल दी, जिसके बाद उसने मौका देखकर भागने में सफलता पा ली। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के फरार होने में कुछ सिपाहियों की सांठगांठ हो सकती है।
घटना के तुरंत बाद रायपुर पुलिस ने पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी की गई है और कोर्ट परिसर सहित आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कई टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए ड्यूटी पर मौजूद सिपाहियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा और बंदियों को लाने-ले जाने की प्रक्रिया पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
