Advertisement Carousel

शिवपुराण कथा के पंडाल पर संकट! भुगतान विवाद में टेंट उखाड़ने की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा


नगपुरा में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के चौथे दिन हंगामा, 1.75 लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बड़ा विवाद


दुर्ग जिले के ग्राम नगपुरा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की पाँच दिवसीय शिवपुराण कथा के चौथे दिन उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयोजक समिति और टेंट ठेकेदार के बीच भुगतान को लेकर विवाद खुलकर सामने आ गया। हालात इतने बिगड़ गए कि टेंट ठेकेदार ने पंडाल उखाड़ने की कोशिश तक शुरू कर दी।


1.26 करोड़ का सौदा, 26 लाख का भुगतान!
टेंट ठेकेदार नरेंद्र कुमार साहू ने आरोप लगाया कि आयोजन के लिए 1 करोड़ 26 लाख रुपये में टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का अनुबंध हुआ था, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ 26 लाख रुपये ही दिए गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि शेष भुगतान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा।


पंडाल उखाड़ने की कोशिश से मचा हड़कंप
भुगतान न मिलने से नाराज़ टेंट ठेकेदार ने पंडाल हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी, जिससे कथा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कथा मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।


आयोजकों की सफाई— “सब संभल जाएगा”
आयोजक प्रिया साहू और भूपेंद्र रिगरी ने विवाद को मामूली बताते हुए कहा कि यह बड़ा धार्मिक आयोजन है, ऐसे में आपसी मतभेद हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि भुगतान को लेकर कोई बड़ा संकट नहीं है और जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।


आस्था पर नहीं पड़ा असर
इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था डगमगाई नहीं। चौथे दिन भी करीब 1 लाख 75 हजार श्रद्धालु शिवपुराण कथा सुनने पहुंचे और कथा निर्विघ्न रूप से जारी रही।


पुलिस की निगरानी में आयोजन
पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!