रायपुर। जुए और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजगहन थाना क्षेत्र के हंसी-खुशी फार्म हाउस में जुआ खेलते हुए 16 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आउटर क्षेत्र के फार्म हाउसों में जुआ और पार्टी की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर निगरानी रखी जा रही थी। 28 दिसंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि हंसी-खुशी फार्म हाउस में जुए का फड़ लगाया गया है। सूचना की पुष्टि ड्रोन के माध्यम से की गई, जिसमें ताशपत्ती से रुपये का हार-जीत का दांव लगाते लोग नजर आए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 12 हजार 600 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन, 8 दोपहिया वाहन, 17 मोबाइल फोन और ताशपत्ती बरामद की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, जिस फार्म हाउस में जुआ खेला जा रहा था, उसके मालिक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिलेभर में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाइयां और तेज की जाएंगी।
