रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्कूल शिक्षा विभाग के युक्तियुक्तकरण को लेकर जोरदार बहस और हंगामा देखने को मिला। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने प्रदेश में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण, खाली भवनों के उपयोग और जर्जर स्कूलों के नवीनीकरण को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि विगत वर्ष पूरे प्रदेश में 10,538 शालाओं का युक्तियुक्तकरण किया गया है। इनमें से 10,372 स्कूल भवनों का उपयोग किया जा चुका है, जबकि 166 भवन अभी भी खाली हैं। मंत्री ने कहा कि खाली भवनों का उपयोग स्मार्ट स्कूल, लैब और अन्य शासकीय कार्यों के लिए किया जाएगा।
रायपुर जिले को लेकर मंत्री ने जानकारी दी कि 389 स्कूलों में से 385 का युक्तियुक्तकरण हो चुका है, जबकि 4 स्कूल अभी खाली हैं। साथ ही नए शिक्षा सत्र से स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद मॉडल पर 150 नए स्कूल शुरू किए जाएंगे।
बहस के दौरान विधायक राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि युक्तियुक्तकरण के बाद कई स्कूलों की स्थिति खराब हो गई है और अधिकारियों द्वारा शिकायत के बावजूद निरीक्षण नहीं किया गया। इस पर मंत्री ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री को निर्देश दिए कि 30 मार्च तक सभी स्कूलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वहीं, अतिथि शिक्षकों की भर्ती, वेतन और नियमितीकरण के मुद्दे पर भी सदन में हंगामा हुआ। विपक्ष ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए वॉकआउट कर दिया।
