Advertisement Carousel

महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा उनका पूरा हक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय


रायपुर, 13 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि महिला आरक्षण से देश की आधी आबादी को उनका पूरा अधिकार मिलेगा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।


मुख्यमंत्री साय ने सोमवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में नई दिल्ली के Vigyan Bhavan से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री Narendra Modi के उद्बोधन को सुना।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जो भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि “पंचायत से पार्लियामेंट तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का यह प्रयास नए भारत की स्पष्ट झलक है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर होने वाली चर्चा इस ऐतिहासिक पहल को मूर्त रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।


उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में महिलाओं को सदैव उच्च स्थान दिया गया है और वैदिक काल से लेकर आज तक समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।


साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। साथ ही ‘महतारी वंदन योजना’ के जरिए महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि जब देश में महिला आरक्षण पर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है, उसी समय छत्तीसगढ़ में ‘महतारी गौरव वर्ष’ मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति और महिला संगठनों से हर मंच पर अपनी आवाज बुलंद करने और परिवर्तन की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal, राज्यसभा सांसद Laxmi Verma और विधायक Purandar Mishra सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!