Advertisement Carousel

बीरगांव ईंट भट्टी पर छापा, 3 नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू


रायपुर, 21 अप्रैल। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के निर्देश पर बीरगांव क्षेत्र की एक ईंट भट्टी में छापेमार कार्रवाई कर तीन नाबालिग बच्चियों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, आयोग को सूचना मिली थी कि बीरगांव स्थित एक ईंट भट्टी में बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पहले मौके का निरीक्षण किया गया और इसके बाद मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे टीम ने दोबारा पहुंचकर कार्रवाई की।


छापे के दौरान तीन नाबालिग बच्चियां काम करते हुए मिलीं, जिनकी उम्र 14 वर्ष से कम पाई गई। टीम ने तत्काल सभी बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। फिलहाल बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके तहत उन्हें सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।


इस मामले में बाल श्रम निषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण इकाई से माधुरी शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी संजय निराला, सामाजिक कार्यकर्ता गोरखनाथ पटेल, श्रम निरीक्षक श्री पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता अभिमन्यु भरिया तथा एसोसिएशन फॉर वॉलंटियरी एक्शन व चाइल्डलाइन के राज्य समन्वयक विपिन ठाकुर सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

error: Content is protected !!