जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर शिकंजा कसा है। देर रात हसदेव नदी के नवापारा और हथनेवरा घाट में छापेमार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग की राज्य स्तरीय टीम, राजस्व विभाग एवं जिला स्तरीय खनिज अमले की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से 4 चैन माउंटेन मशीनों को जब्त किया। ये मशीनें नदी के भीतर अवैध रूप से रेत की खुदाई और डंपिंग में लगी हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, माफिया लंबे समय से मशीनों के माध्यम से नदी से रेत निकाल रहे थे, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा था। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
