पहले भी हो चुकी थी शराब जब्ती और गिरफ्तारी, बावजूद इसके जारी थीं अवैध गतिविधियां
कोरबा, कटघोरा।
जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित कंचन ढाबा को सील कर दिया। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व में हुई कार्रवाई के बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहने के चलते की गई।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व ही पुलिस ने उक्त ढाबे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर संचालक को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बावजूद ढाबे में अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं हुआ और नियमों की अनदेखी जारी रही।
इसी को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में ढाबा को विधिवत सील किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी कटघोरा ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या सेवन पाया गया, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
