Advertisement Carousel

IPL सट्टा गैंग पर महासमुंद पुलिस का बड़ा वार, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार


1.15 करोड़ की सट्टा पट्टी, लैपटॉप-टैबलेट और 22 मोबाइल जब्त, रायपुर-बेमेतरा से दबिश


महासमुंद,
आईपीएल मैचों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का महासमुंद पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में करोड़ों रुपए के अवैध सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में 5 रायपुर और 1 बेमेतरा जिले का निवासी है। सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पकड़ा गया। ये सटोरिए लगातार ठिकाना बदलकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे, जिससे पुलिस की नजर से बच सकें।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए की सट्टा पट्टी, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 13 टच स्क्रीन मोबाइल और 9 कीपैड मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए सट्टे का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।


पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान सक्रिय ऐसे सट्टा गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!