दुर्ग | 26 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ का दुर्ग संभागीय निर्वाचन रविवार को शासकीय आईटीआई भिलाई में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। निर्वाचन में संभाग अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन प्राप्त होने पर चंद्रकांत साहू निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं श्रीमती श्वेता साहू को महिला प्रकोष्ठ संभाग अध्यक्ष के साथ जिलाध्यक्ष का दायित्व भी सौंपा गया।
संभाग के अंतर्गत सभी जिलों में भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जिसमें दुर्ग से जुबेल लकड़ा, बालोद से शेखर साहू, राजनांदगांव से विजय कुमार सिन्हा, बेमेतरा से आशा मार्कण्डेय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से गौकरण, अंबागढ़ चौकी से शशिकांत कुमार और कबीरधाम से गोलचंद बंजारे जिलाध्यक्ष चुने गए।
निर्वाचन प्रक्रिया के लिए विजय लहरे को निर्वाचन अधिकारी तथा जयंत साहू को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया, जिसके लिए संघ ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष हरि शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं संयुक्त संचालक दुर्ग के प्रतिनिधि के रूप में प्राचार्य गोरख प्रसाद, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ से धर्मेंद्र कुमार देशमुख, भानुप्रताप यादव एवं शिवदयाल देशलहरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र कुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री संतोष कुमार वर्मा, हितेंद्र साहू, केवल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
