Advertisement Carousel

कांकेर की कृतिका टेकाम ने रचा इतिहास, देशभर के एकलव्य विद्यालयों में टॉप


CBSE 10वीं में 97% अंक, छत्तीसगढ़ के 11 एकलव्य विद्यालयों का रिजल्ट 100%


रायपुर, 1 मई 2026।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की छात्रा कृतिका टेकाम ने CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल किया है। कृतिका ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। देशभर में संचालित लगभग 750 एकलव्य विद्यालयों के बीच यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृतिका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा की मेहनत और राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी कृतिका को शुभकामनाएं देते हुए इसे जनजातीय विद्यार्थियों की प्रतिभा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।


आदिम जाति विकास विभाग के अनुसार, प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में से 71 विद्यालय हाई स्कूल स्तर पर संचालित हैं, जिनमें से 11 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। अन्य विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है।


गौरतलब है कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में जनजातीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!