रायपुर। मजदूर दिवस के मौके पर पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर ने अपना जन्मदिन सफाई मित्रों के बीच मनाकर समाज को एक सकारात्मक और संवेदनशील संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके योगदान को नमन करते हुए मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ढेबर ने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे अहम है। वे हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रायपुर को साफ-सुथरा बनाए रखते हैं। उनके श्रम और समर्पण के बिना किसी भी शहर का विकास संभव नहीं है।
अपने महापौर कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा और आत्मसम्मान को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रही है। उनके सहयोग से ही रायपुर ने स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल कीं।

उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि मेहनतकश लोगों के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है। भविष्य में भी सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प उन्होंने दोहराया।
कार्यक्रम में मौजूद सफाई मित्रों ने इस पहल की सराहना करते हुए पूर्व महापौर के प्रति आभार जताया। यह आयोजन एक साधारण जन्मदिन से बढ़कर समाज के महत्वपूर्ण वर्ग के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बन गया।
