Advertisement Carousel

कोरिया जिले में भाजपा की प्रचंड जीत पर जश्न, जगह-जगह आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण


कोरिया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद कोरिया जिले में जश्न का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के घड़ी चौक सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जीत का उत्सव मनाया।


बैकुण्ठपुर में कार्यकर्ताओं ने धूप की परवाह किए बिना ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी जाहिर की। नेताओं ने इसे देश में राष्ट्रवाद, सनातन और विकास के प्रति जनता की आस्था की जीत बताया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया गया।


कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णबिहारी जायसवाल, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, कपिल जायसवाल, शैलेष शिवहरे, शारदा गुप्ता, मंजू जिवनानी, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


शिवपुर-चरचा, सोनहत और पटना में भी जश्न
नगर पालिका शिवपुर-चरचा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। वहीं सोनहत विकासखंड मुख्यालय में मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की गई।


नगर पंचायत पटना में भी कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर जीत का उत्सव मनाया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।


भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने इसे जनता के विश्वास और सुशासन की जीत बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में विकास और सनातन के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना है।


प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णबिहारी जायसवाल ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है।

error: Content is protected !!