डोंगरगढ़ के पलांदूर गांव में कार्यक्रम के दौरान मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंच के पास एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। घटना में गांव के सरपंच घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में भाषण चल रहा था, तभी पलांदूर निवासी जितेन्द्र यादव (36 वर्ष) ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में सरपंच के हाथ में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस ने घायल सरपंच का प्राथमिक उपचार कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हमला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
