महासमुंद। जिले की सिंघोडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वोक्सवैगन कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। पुलिस ने कार में बनाए गए गुप्त चेम्बर से 7512.488 ग्राम सोना बरामद किया। मामले में गुजरात के तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को भी सूचना भेज दी है।
जानकारी के मुताबिक सिंघोडा पुलिस रेहटीखोल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर जांच की गई। कार में तीन लोग सवार थे, जो गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे राजकोट से सोने के आभूषण लेकर बिक्री के लिए आए थे।
पुलिस को तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के पास बने गुप्त चेम्बर पर संदेह हुआ। चेम्बर खोलने पर उसमें रखे दो पीठू बैग मिले, जिनमें भारी मात्रा में सोने के आभूषण रखे हुए थे। जब्त सोने का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने कार सवारों को 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर सोने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने 106 बीएनएसएस के तहत सोने के आभूषण जब्त कर लिए। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और इसके लेन-देन में किसी अवैध नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
