पश्चिम बंगाल के 5 आरोपी गिरफ्तार, चोरी के सामान होने की आशंका
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। गांधीनगर थाना पुलिस ने बनारस रोड पर वाहन जांच के दौरान एक ओमनी कार से भारी मात्रा में मोबाइल फोन और चांदी के पायल बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गांधीनगर पुलिस नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ओमनी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 760 नग मोबाइल फोन और 95 किलो से अधिक चांदी के पायल बरामद हुए। बरामद मोबाइल में 110 स्मार्टफोन और 650 कीपैड मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस ने जब आरोपियों से सामान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओमनी कार समेत पूरा सामान जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल और चांदी के पायल चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में विभिन्न राज्यों से जानकारी जुटा रही है।
गांधीनगर थाना पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
