रायपुर पुलिस ने मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी की बरामद
रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक से मोबाइल छीनने वाले आरोपी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह धरम लाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। आरोपी की पतासाजी में 2 डीसीपी, 2 एडीसीपी, 3 एसीपी, 3 थाना प्रभारी समेत क्राइम ब्रांच के लगभग 30 जवान लगाए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल और संभावित रूट के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।
