Advertisement Carousel

सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री साय का सख्त एक्शन, कोरिया के सहायक आयुक्त निलंबित


रायपुर, 21 मई 2026। Vishnu Deo Sai ने सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले का औचक दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। दौरे के बाद चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट, खराब शालेय परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया।


बैठक में कोरिया जिले में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता सामने आने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।


मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के कलेक्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट है, वहां टैंकरों के जरिए नियमित पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही होने पर संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे।


शालेय परीक्षा परिणामों की खराब स्थिति पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और आगामी शिक्षा सत्र के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में पढ़ाई की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया।


दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय और संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। सूरजपुर जिले के रामपुर गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को चरण पादुका पहनाई और बच्चों का अन्नप्राशन व नामकरण भी किया।


मुख्यमंत्री ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए बरसात से पहले सभी पेयजल स्रोतों की सफाई और क्लोरीनेशन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।


चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal, विधायक Bhaiya Lal Rajwade, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित तीनों जिलों के कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!