जशपुर, प्रतिनिधि। जशपुर जिले में नशीले इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड से अंबिकापुर ले जाए जा रहे प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की खेप के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 98 हजार रुपये मूल्य के रेक्सोजेसिक और एविल इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा नगद राशि जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 जून की रात सारूडीह रोड पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की और कार सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर झारखंड निवासी कथित सप्लायर मोहम्मद शमशेर खान तथा फरार आरोपी अरुण राम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि नशीले इंजेक्शन झारखंड से अंबिकापुर ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
