Advertisement Carousel

कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर: इमली के पेड़ पर गिरी बिजली, 6 साइबेरियन पक्षियों की मौत



रामपुर गांव में घटना के बाद दहशत, ग्रामीणों ने तड़ित चालकों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल


कोरबा/रामपुर। कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गांव में लगे तड़ित चालकों (लाइटनिंग अरेस्टर) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनकी तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:45 बजे मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान दशहरा चौक के पास स्थित एक विशाल इमली के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय पेड़ पर बड़ी संख्या में पक्षी बैठे थे, जिनमें से छह साइबेरियन पक्षी बिजली की चपेट में आकर मौके पर ही मृत हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृत पक्षियों को देखकर स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय पेड़ के नीचे लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।


इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में स्थापित तड़ित चालकों की उपयोगिता और उनकी तकनीकी स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब गांव में पहले से लाइटनिंग अरेस्टर लगे हैं, तब भी बिजली सीधे पेड़ पर कैसे गिरी और पक्षियों की मौत कैसे हो गई।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गांव में लगे सभी तड़ित चालकों का तत्काल निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण कराया जाए। यदि उपकरण खराब या निष्क्रिय पाए जाते हैं, तो उन्हें बदलकर आधुनिक और अधिक प्रभावी तड़ित चालक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जन-धन और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!