Advertisement Carousel

फर्जी केंद्रीय अधिकारी बन लाखों की ठगी, नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर आरोपी गिरफ्तार



भारत सरकार का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को फंसाता था, एडिटेड फोटो और फर्जी आईडी से जीतता था भरोसा


रायपुर। रायपुर पुलिस ने खुद को भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों का अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय लोगों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी पहचान-पत्र, एडिटेड फोटो और अपनी कार पर “भारत सरकार” अंकित कर घूमता था।


पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ट्रेन में आरोपी से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए ऊंची पहुंच का दावा किया और 5 लाख रुपये लेकर मनचाही पोस्टिंग कराने का झांसा दिया। बाद में उसके अलग-अलग विभागों के संदिग्ध पहचान-पत्र देखने पर शिकायतकर्ता को शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।


डीसीपी क्राइम एवं साइबर श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, सिविल लाइन और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी पहचान-पत्र का इस्तेमाल कर लोगों से नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया।


जांच में सामने आया कि आरोपी छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से लाखों रुपये ठग चुका है। ठगी की रकम से उसने लैपटॉप, मोबाइल और अन्य सामान खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नकद राशि और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।


फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा पूछताछ में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!