Advertisement Carousel

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में LLM पेपर लीक मामला, 27 जुलाई की दोबारा परीक्षा भी रद्द

बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में एलएलएम चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने 27 जुलाई को प्रस्तावित पुनर्परीक्षा का नोटिफिकेशन रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद परीक्षा का इंतजार कर रहे छात्रों में एक बार फिर नाराजगी और असमंजस की स्थिति बन गई है।


गौरतलब है कि 13 जून को आयोजित एलएलएम चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जांच में पेपर के परीक्षा प्रारंभ होने से पहले वायरल होने की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा निरस्त कर दी थी और 27 जुलाई को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की थी।


इस बीच चल रही जांच के दौरान साइबर सेल मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में पेपर लीक से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


पुनर्परीक्षा का नोटिफिकेशन रद्द होने से छात्रों में निराशा है। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है। अब छात्र विश्वविद्यालय से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!