Advertisement Carousel

पुल का इंतजार खत्म नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने बनाई ट्यूब-बांस की नाव, रस्सी के सहारे पार कर रहे इब नदी


जशपुर। जिले के मनोरा विकासखंड के अलोरी ग्राम पंचायत में ग्रामीण आज भी नदी पार करने के लिए जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। मतलूँगा-अलोरी गांव के बीच इब नदी पर पुलिया का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने ट्रक की ट्यूब और बांस की मदद से अस्थायी नाव तैयार कर ली है।


ट्यूब के ऊपर बांस बांधकर बनाई गई इस देसी नाव में एक बार में करीब पांच लोग नदी पार कर रहे हैं। नाव को दोनों किनारों पर बंधी रस्सी के सहारे खींचकर नदी के पार ले जाया जाता है। तेज बहाव के बीच रस्सी के भरोसे नदी पार करना ग्रामीणों के लिए किसी जोखिम से कम नहीं है।


ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में इब नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, जिससे हादसे का खतरा और भी बढ़ जाता है। रस्सी टूटने या नाव का संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माणाधीन पुलिया का काम जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि उन्हें जान जोखिम में डालकर नदी पार न करना पड़े।

error: Content is protected !!