शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं, रात 11:30 बजे तक चला प्रदर्शन
पेंड्रावन स्थित आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश मंगलवार देर रात तक जारी रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर धरना दिया। छात्र-छात्राएं रात करीब 11:30 बजे तक सड़क पर बैठे रहे और करीब 12 बजे आंदोलन समाप्त हुआ।
विद्यार्थियों की प्रमुख मांग स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने, ओपन स्कूल बंद करने और स्कूल की बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की थी। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। 21 अगस्त को छात्राओं को महज एक शिक्षक की सुविधा मिलने के बाद नाराजगी और बढ़ गई थी। इस संबंध में 17 छात्राओं ने शिक्षा विभाग को ज्ञापन भी सौंपा था।
छात्रों ने स्कूल में लंबे समय से शौचालय और बाउंड्रीवॉल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का भी मुद्दा उठाया। लगातार प्रदर्शन के बाद छात्रों की शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत हुई। मंत्री ने विद्यार्थियों को उनकी तीनों प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने देर रात अपना धरना समाप्त कर दिया। मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और वे अब अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। आंदोलन समाप्त होने के बाद अब स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के सामने छात्रों से किए गए वादों को जल्द पूरा करने की चुनौती है।
