रायपुर। महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 67 लाख 28 हजार 918 महिला हितग्राहियों के खातों में 31वीं किश्त की राशि अंतरित की गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने इसे रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की बहनों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की सौगात बताया है।
श्रीमती पाण्डे ने बताया कि 25 अगस्त को बालोद में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान सितंबर 2026 की 31वीं किश्त का भुगतान किया गया। ई-केवायसी पूर्ण कर चुकीं 67,28,918 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इसमें नियद नेल्लानार क्षेत्र की 6,897 हितग्राहियों को 11वीं किश्त का भुगतान भी शामिल है। योजना के तहत अब तक बहनों के खातों में करीब 20,076 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई जा चुकी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला हितैषी सरकार के रूप में काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग की महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किए वादे के अनुरूप सत्ता में आते ही महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना शुरू किया।
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि 1 मार्च 2024 से लागू महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ सामाजिक सशक्तीकरण, स्वावलंबन तथा कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने 31वीं किश्त जारी होने को नारी सशक्तीकरण की दिशा में सरकार का एक और महत्वपूर्ण कदम बताया।
