24 घंटे के भीतर गीदम पुलिस ने सुलझाया मामला, तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम समलूर में जादू-टोना करने के शक में एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को ग्राम समलूर के उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी (65) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना पर गीदम पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत कठोर एवं कुंद वस्तु से चोट लगने के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गीदम थाने में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, मृतक पर कथित रूप से जादू-टोना करने का शक किया जाता था और इसी बात को लेकर कुछ ग्रामीणों में उसके प्रति नाराजगी थी। जांच के दौरान पुलिस को हत्या में तीन लोगों की संलिप्तता का पता चला।
पुलिस ने ग्राम समलूर निवासी धनीराम भोगामी उर्फ मोटू (28), बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू (25) और मंगतू सोढ़ी (27) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
तीनों आरोपियों को 11 सितंबर को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक बिहारी राम, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूंटे और उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
